रिपोर्ट सर्वेश राजपूत शिवपुरी - रविवार को बैकुंठ धाम एनवारा गौ सेवा आश्रम में आयोजित धन्यवाद सभा में कोलारस विधायक महेंद्र यादव ने गोवंश की सुरक्षा और इलाज को लेकर एक बड़ी घोषणा की है। आश्रम के संयोजक श्री राजेश महाराज जी द्वारा पिछले दिनों निकाली गई सफल और शांतिपूर्ण पदयात्रा में शामिल हुए गो सेवकों के सम्मान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
सभा के दौरान गो सेवकों ने विधायक के सामने सड़क और फोरलेन पर घूम रहे गोवंश की पीड़ा और आए दिन वाहनों की चपेट में आने से होने वाली दुर्घटनाओं का गंभीर मुद्दा उठाया। गो सेवकों का आरोप था कि क्षेत्र में ऐसी घटनाएं होने पर गोवंश को समय पर चिकित्सीय सहायता नहीं मिल पाती है और शासकीय पशु चिकित्सक भी समय पर उपलब्ध नहीं होते।
विधायक ने बढ़ाया हौसला, उठाया इलाज का जिम्मा
गो सेवकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक महेंद्र यादव ने उनकी हौसला अफजाई की और बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कहीं भी गोवंश के साथ दुर्घटना होने पर गो सेवक तुरंत उनका इलाज करवाएं। यदि आपातकालीन स्थिति में गोमाता को पशु चिकित्सालय ले जाने के लिए शासकीय वाहन उपलब्ध न हो और निजी वाहन का उपयोग करना पड़े, तो उसका पूरा खर्च वे खुद वहन करेंगे।
इसके लिए कोई भी व्यक्ति बैकुंठ धाम आश्रम को इसकी सूचना दे सकता है या सीधे विधायक महेंद्र यादव से संपर्क कर सकता है।
इन जगहों पर मिलेगी मुफ्त आपातकालीन दवाएं
प्राथमिक उपचार को सुगम बनाने के लिए विधायक ने क्षेत्र के चुनिंदा मेडिकल स्टोर्स पर व्यवस्था की है। कोलारस, बदरवास, खातोरा, रन्नौद और खरई के मेडिकल स्टोर से गो सेवक आपातकालीन स्थिति में कभी भी जरूरी दवाएं ले सकते हैं। इन सभी दवाओं का पूरा भुगतान विधायक महेंद्र यादव द्वारा किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं और पशु पेट्रोलिंग का भी ऐलान
गोवंश के साथ-साथ आमजन की स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी से पीड़ित क्षेत्रवासी उनसे संपर्क कर सकते हैं वे शिवपुरी, इंदौर, ग्वालियर और दिल्ली के बेहतरीन अस्पतालों में उनके इलाज का प्रबंध कराएंगे तथा निजी व राहत कोष से हरसंभव सहायता प्रदान करेंगे इसके अलावा, उन्होंने क्षेत्र के लिए जल्द ही एक पशु पेट्रोलिंग वाहन की सुविधा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की है।
Tags
Kolaras
