सडक हादसे में टमाटर की मजदूरी करने जा रहे कन्हैया आदिवासी ने मौके पर ही तोड़ा दम, अपने पीछे छोड़ गए तीन बेटियों का परिवार
सर्वेश राजपूत कोलारस - शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेसई सड़क गांव के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है यहां एक अनियंत्रित लोडिंग वाहन और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
कृषि फार्म पर मजदूरी करने जा रहे थे मृतक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतक की पहचान हिरापुर गांव के रहने वाले 40 वर्षीय कन्हैया आदिवासी के रूप में हुई है। कन्हैया शुक्रवार शाम अपनी बाइक से सिंघनिवास गांव स्थित एक कृषि फार्म पर टमाटर तोड़ने की मजदूरी करने के लिए जा रहे थे।
भीषण टक्कर से कटकर अलग हुआ पैर
टक्कर इतनी भयानक थी कि कन्हैया का एक पैर कटकर पूरी तरह अलग हो गया और वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद अनियंत्रित हुआ लोडिंग वाहन सड़क से नीचे उतरता हुआ सीधे पास के खेत में जा घुसा।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत एंबुलेंस मौके पर पहुंची। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल कन्हैया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोलारस ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
इस अचानक हुए हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। कन्हैया आदिवासी अपने पीछे रोते-बिलखते हुए तीन मासूम बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से लोडिंग वाहन को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Tags
Kolaras