सर्वेश राजपूत कोलारस - मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के अंतर्गत आने वाले कोलारस थाना क्षेत्र के हाईवे फोरलाईन पर स्थित ग्राम सेसई सड़क में जमीनी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है लंबे समय से चले आ रहे संपत्ति विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई एक पंचायत जब बिना किसी नतीजे के समाप्त हुई तो बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने सरेआम हवाई फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार कोलारस के ग्राम सेसई सड़क निवासी 36 वर्षीय गुरप्रीत सिंह का अपने चचेरे भाइयों—योद्धा सिंह सिख और कुलविंदर सिंह सिख के साथ काफी समय से जमीन का मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है इसी विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के वास्ते 6 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे हरजीत सिंह के आवास पर एक पंचायत का आयोजन किया गया था. इस पंचायत में स्थानीय गणमान्य लोग जैसे सुल्तान यादव, सुखप्रीत व अन्य मौजिज लोग दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति और समझौता कराने का लगातार प्रयास कर रहे थे।
गुस्से में पंचायत छोड़कर गया - आरोपी
फरियादी गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि बातचीत के दौरान जब कोई हल नहीं निकला और बात नहीं बनी, तो योद्धा सिंह गुस्से में आगबबूला होकर पंचायत से उठकर चला गया कुछ ही देर बाद वह वापस लौटा और अपनी घर की छत पर घातक बंदूक लेकर जा पहुंचा।
छत से खुलेआम की गई हवाई फायरिंग
आरोप है कि छत पर खड़े होकर योद्धा सिंह ने नीचे मौजूद लोगों को गंदी-गंदी गालियां दीं और गुरप्रीत सिंह को जान से खत्म करने की खुली धमकी दी दहशत पैदा करने के इरादे से उसने हवा में कई राउंड फायर (हवाई फायरिंग) किए, जिससे मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों में भारी अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया।
कोलारस पुलिस ने मामला किया दर्ज
इस घटना के तुरंत बाद भयभीत गुरप्रीत सिंह ने कोलारस थाने पहुंचकर पूरी आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी योद्धा सिंह के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और अवैध रूप से हवाई फायरिंग करने से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।
