जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
शिवपुरी - स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य, गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण आयोजन के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं इस संबंध में गुरूवार को कलेक्टर अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई बैठक में समारोह की रूपरेखा तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश एवं दायित्व सौंपे गए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे से पुलिस परेड ग्राउंड, शिवपुरी में आयोजित होगा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज को सलामी, परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट एवं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी।
उन्होंने कहा कि जिले के समस्त शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों में प्रातः 8 बजे तक कार्यालय प्रमुखों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाना सुनिश्चित किया जाए एवं नियत समय पर ध्वज उतारने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी प्रमुख सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर रोशनी की जाए कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पेयजल, बैठक व्यवस्था सहित मुख्य अतिथि की आगवानी तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए गए हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम देश की सभ्यता, संस्कृति और देशभक्ति से ओत-प्रोत हों। साथ ही पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए कार्यक्रम स्थल पर मेडीकल टीम भी तैनात की जाए।
Tags
Shivpuri
