योजनाओं का लाभ लेेेने के लिये किसान अपनी फार्मर आईडी जरूर बनवाएं - मुख्यमंत्री यादव - Shivpuri




शिवपुरी - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में फार्मर आईडी बनवाने का अभियान 20 अगस्त से शुरू किया गया है किसानों को अब न कहीं भटकना होगा और न ही लंबी लाइनों में लगना होगा। शासकीय दल खुद किसानों के पास जाकर उनकी फार्मर आईडी बनवाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी किसानों से अपनी फार्मर आईडी जरूर बनवाने की अपील की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को नई दिल्ली से शिवपुरी जिले की कृषि उपज मंडी, पिपरसमा में हुए बलराम कृषि महोत्सव को वर्च्युअली संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से कहा कि अब खाद के लिए किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। पैसे की कमी हमारे किसी भी किसान के आड़े न आए, इसके लिए हमारी सरकार ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर अग्रिम खाद उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम किसान के माथे पर चिंता की एक भी लकीर नहीं आने देंगे। शिवपुरी जिले के किसानों की मेहनत से उपजी मूंगफली का डंका पूरे देश में बज रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे सिर्फ पारम्परिक फसलों तक ही सीमित न रहे, बागवानी, डेयरी फार्मिंग, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसे आमदनी वाले अन्य क्षेत्रों को भी अपनाएं उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा किसानों के साथ है हम सब मिलकर शिवपुरी जिले को कृषि का सिरमौर बनाएंगे।




मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिव की नगरी शिवपुरी जिले में केन-बेतवा-पार्वती-सिंध-महुअर नदियों से पंचामृत की तरह आपके खेतों को जल मिल रहा है उन्होंने शहीद तात्या टोपे के बलिदान को भी याद करते हुए कहा कि बलराम जयंती महोत्सव वास्तव में किसानों के स्वाभिमान का एक अद्भुत पर्व है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों के लिए सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजना चलाई जा रही हैं, जिससे कृषि क्षेत्र में उनको मुनाफा मिले। उन्होंने कहा कि किसानों को पहले ऋण की राशि 31 मार्च तक जमा करनी होती थी, अब उससे निजात मिलेगी। किसान अब ऋण की राशि 1 वर्ष में कभी भी चुका सकता है। इसके लिए अब 31 मार्च की समय-सीमा समाप्त कर दी गई है।

प्रदेश में 20 अगस्त से चल रहा है फार्मर आईडी बनाने का अभियान 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ई-विकास प्रणाली को और अधिक प्रभावी, सहज, सरल एवं किसान हितैषी बनाया गया है। ई-विकास 2.0 से किसानों को अपनी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि ई-विकास 2.0 में किसान अपनी इच्छानुसार कोई भी एक उर्वरक बिना किसी अनिवार्य संयोजन के खरीद सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब किसान खेती-किसानी के अलावा अन्य माध्यमों से भी मुनाफा कमा रहे हैं। होम-स्टे की अवधारणा भी धीरे-धीरे बढ़ रही है। इससे किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यहां माधव टाइगर रिजर्व भी है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। हम किसानों की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रहे हैं। अगले साल जो किसान चना या गन्ने की फसल लगाएंगे, उन्हें इन फसलों के लिए पूरे समय दिन में बिजली दी जायेगी। रात की बिजली का संकट खत्म होगा। इससे सिंचाई के लिए किसानों को रातभर जागने की परेशानी अब खत्म हो जाएंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के सभी किसानों विशेषकर लाड़ली बहनों को आगामी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लाडली बहना योजना की राशि रक्षाबंधन त्यौहार से पूर्व सभी के खातों में भेजी गई है, जिससे हमारी बहनें खुशी-खुशी त्यौहार मना सकें। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा मिलाकर प्रतिवर्ष 12000 रुपए दिए जा रहे हैं, जिससे वह खाद-बीज जैसी जरूरतों को समय से पूरा कर सकें।


शिवपुरी भाजपा विधायक देवेंद्र जैन ने किसानों की बढ़ती जागरूकता पर प्रसन्नता जताई

शिवपुरी विधानसभा से विधायक देवेन्‍द्र जैैन ने किसानों के हित की बात करते हुुुये कहा कि आज का किसान नई तकनीकों को अपनाने में आगे है और तेजी से आधुनिक कृषि की ओर कदम बढ़ा रहा है। फसल पैदावार में बढ़ोतरी सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार उन्नत किस्म के प्रमाणित बीजों का वितरण किया जा रहा है। सरकार खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराया जा रहा है।

विधायक महेन्‍द्र यादव ने रखी किसानों के हित की बात

कोलारस विधानसभा से भाजपा विधायक महेंद्र यादव ने कृषि के आधुनिक पद्धतियों और लागत घटाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की उन्होंने कहा कि खेती को आधुनिक बनाने और किसान भाइयों का आर्थिक बोझ कम करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा कृषि उपकरणों की खरीद पर 50 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जा रहा है।

किसानों की सबसे बड़ी जरूरत बिजली पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि कार्य हेतु 10 घंटे निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा, उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे पारंपरिक खेती तक ही सीमित न रहें। अपनी भूमि पर अलग-अलग फसलें उगाएं, उद्यानिकी (बागवानी) अपनाएं और आधुनिक तकनीकों के सहारे अपनी आय दोगुनी करने की दिशा में आगे बढ़ें।

कार्यक्रम को जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव ने भी संबोधित किया और कहा कि प्रदेश सरकार किसान हितेषी सरकार है।किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं जिनका शिवपुरी जिले के किसान भी लाभ ले रहे हैं और कृषि के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित किया जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली से शिवपुरी के बलराम कृषि महोत्सव में वीसी से की सहभागिता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होकर जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद किया। इस दौरान प्रगतिशील किसानों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए और कृषि व पशुपालन के क्षेत्र में शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ से अधिक आय सृजन के लिए सरकार का धन्यवाद दिया। किसानों ने बताया कि वे किस तरह कृषि में नए प्रयोग व नवाचार कर रहे हैं जिसमें सुरेन्द्र सिंह सेंगर ने प्राकृतिक/जैविक खेती व उद्यानिकी के अनुभव साझा किए, वीरू ओझा ने पशुपालन व नस्ल सुधार के प्रयासों की जानकारी दी और त्रिलोचन सिंह गिल ने समन्वित कृषि प्रणाली के अपने अनुभवों को सामने रखा। जिले के प्रगतिशील पशुपालक वीरू ओझा ने बताया कि वह आज लगभग 12 से 15 लाख तक की आय सृजित कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और विभिन्न नवाचारों के माध्यम से उन्नत कृषि करने वाले जिले के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया। जिसमें सुरेन्द्र सिंह सेंगर,वीरू ओझा,बहादुर सिंह रावत,हाकिम सिंह कुशवाहा, गोविंद सिंह दांगी, त्रिलोचन सिंह गिल,सुनील सिंह गुर्जर, इन्द्रसेन धाकड़,अशोक त्रिपाठी और रामगोपाल गुप्ता को सम्मानित किया गया।

मेधावी छात्र छात्राओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा आयोजित हायर सेकंडरी परीक्षा 2026 की स्टेट मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले शिवपुरी जिले के मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र भी दिए गए। इसमें तुलसी राजावत और चंचल कुशवाहा जिले में संयुक्त रूप से प्रथम रहीं, जबकि कान्हा शर्मा दूसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा प्रीति कुशवाहा, दीप्ति रावत, संजना धाकड़, रंजीत प्रजापति, प्रतिष्ठा गौड़, हंसिका राठौड़ और खुशी धाकड़ ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता हासिल की। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म