शिवपुरी - शिवपुरी जिले में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने तथा आमजन के जान-माल की सुरक्षा के दृष्टिगत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत शिवपुरी जिले की समस्त राजस्व सीमा में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के तहत कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफार्म पर किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक एवं उन्माद फैलाने वाले संदेश, फोटो, वीडियो, ऑडियो इत्यादि जिससे धार्मिक, सामाजिक, जातिगत आदि भावनाएं भड़क सकती हैं या साम्प्रदायिक विद्वेष उत्पन्न हो सकता है उसे प्रसारित नहीं करेगा कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफॉर्म पर ऐसी पोस्ट जिससे कि धार्मिक, साम्प्रदायिक एवं जातिगत भावना भड़कती हों, को लाईक, शेयर या फॉरवर्ड नहीं करेगा।
आदेश का उल्लंघन करने पर आईटी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत होगी कार्यवाही
ग्रुप एडमिन की यह व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि वह ग्रुप में इस प्रकार के संदेशों को प्रसारित होने से रोके कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म जैसे कि, फेसबुकं, व्हाट्सएप्प, इंस्टाग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया साईट्स आदि का दुरुपयोग कर किसी भी प्रकार के भ्रामक एवं अपुष्ट संदेशों का प्रसारण नहीं करेगा।
इसके साथ ही कोई भी व्यक्ति न तो स्वंय किसी भी प्रकार की सामुदायिक, धार्मिक, जातिगत विद्वेष फैलाने या लोगों अथवा समुदाय के मध्य घृणा, वैमनस्यता पैदा करने या दुष्प्रेरित करने या उकसाने या हिंसा फैलाने का प्रयास उपरोक्त माध्यमों से करेगा करे और न ही इसके लिए किसी को प्रेरित करेगा कोई भी व्यक्ति अफवाह या तथ्यों को तोड़ मरोड़कर अथवा भड़काकर उन्माद उत्पन्न करने वाले संदेश जिससे लोग या समुदाय विशेष हिंसा या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल हो जाएं, को प्रसारित नहीं करेगा और न ही लाईक, शेयर या फारवर्ड करेगा और न ही ऐसा करने के लिए किसी को प्रेरित करेगा।
कोई भी व्यक्ति, समुदाय ऐसे संदेशों को प्रसारित नहीं करेगा, जिसमें किसी व्यक्ति, संगठन, समुदाय आदि को एक स्थान पर एक राय होकर जमा होने और उनसे कोई गैरकानूनी गतिविधियां करने के लिए आव्हान किया गया हो, जिससे कानून व्यवस्था एवं लोकशांति व्यवस्था भंग होने की प्रबल संभावना विद्यमानं हो।
उल्लंघन पर होगी सख्त कार्यवाही
जो भी व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ आईटी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।