3 अक्टूबर को समस्त विकासखंड और 4 अक्टूबर को सभी नगरीय निकायों में लगेंगे शिविर - Shivpuri


सेवा सेतु अभियान के तहत जिले में 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित होंगे ‘मेगा सेवा सेतु’ शिविर

शिवपुरी - ’सेवा संकल्प अभियान’ (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत प्रदेशव्यापी ‘सेवा सेतु अभियान’ (सरकार आपके द्वार) के तहत मेगा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। 

 कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिला एवं विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी नामांकित कर जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।
जारी आदेशानुसार 03 अक्टूबर को समस्त विकासखंड स्तर पर तथा 04 अक्टूबर 2026 को समस्त नगरीय निकाय स्तर पर ‘मेगा सेवा सेतु’ शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक किया जाएगा। 

मौके पर ही मिलेगा योजनाओं और सेवाओं का लाभ

आयोजित होने वाले इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त फ्लैगशिप हितग्राहीमूलक योजनाओं के साथ-साथ राजस्व विभाग की नागरिक सेवाओं के लाभ मौके पर ही स्वीकृत एवं प्रदाय किए जाएंगे।

विकासखंड स्तरीय शिविर 03 अक्टूबर को

विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों हेतु जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज नोडल अधिकारी एवं आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक अरविंद भार्गव को सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे। उक्त शिविर शिवपुरी, पोहरी, पिछोर, करैरा एवं नरवर में जनपद पंचायत प्रांगणों तथा कोलारस में सामुदायिक भवन ग्राम पंचायत खरई, बदरवास में धर्मशाला गायत्री मंदिर के सामने खतौरा एवं खनियाधाना में अम्बेडकर भवन में आयोजित किए जाएगें। करैरा में 02 अक्टूबर को आयोजित होने वाला जन विश्वास शिविर भी अब 03 अक्टूबर को ही करेरा में आयोजित होगा। 

नगरीय निकाय स्तरीय शिविर 04 अक्टूबर को

नगरीय निकायों में आयोजित होने वाले शिविरों हेतु अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट दिनेश चन्द्र शुक्ला नोडल अधिकारी एवं जिला शहरी विकास अभिकरण के प्रभारी परियोजना अधिकारी सौरभ गौड़ सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे। निकायवार शिविर स्थलों में नगर पालिका शिवपुरी अंतर्गत होने वाला शिविर मानस भवन शिवपुरी में, नगर परिषद कोलारस, बदरवास, रन्नौद, पोहरी, बैराढ़, करैरा, नरवर, मगरौनी एवं पिछोर में आयोजित होने वालो शिविर संबंधित नगर परिषद प्रांगण तथा नगर परिषद खनियाधाना अंतर्गत होने वाला शिविर अम्बेडकर भवन में आयोजित होगा। संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अपने अनुभाग के अंतर्गत शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और सभी विभागों से समन्वय कर सफल आयोजन सुनिश्चित कराएंगे।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों की चिन्हित योजनाओं की जानकारी के साथ उपस्थित रहें तथा पात्र हितग्राहियों को शिविर में योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। शिविर में आमजन की समस्याओं को सुनकर निराकरण किया जाए।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म