खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं से हितग्राहियों को लाभांवित करने की पहल - Shivpuri


सेवा संकल्प अभियानः शिवपुरी में 28 से 30 सितम्बर तक आयोजित होंगे विकासखंड स्तरीय कैंप

ई-केवाईसी, मोबाइल सीडिंग एवं लंबित शिकायतों का मौके पर किया जाएगा निराकरण

शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र हितग्राहियों को त्वरित लाभांवित करने के उद्देश्य से जिले के विकासखंडों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं से हितग्राहियों को लाभांवित करने की पहल की गई है। इसके तहत 28, 29 एवं 30 सितम्बर 2026 को विकासखंड स्तरीय ‘सेवा सेतु कैंप’ का आयोजन किया जाएगा।

विकासखंडवार तिथियाँ, स्थल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति

जारी आदेश के तहत शिविरों के सुचारू संचालन हेतु अपर कलेक्टर अथवा जिला आपूर्ति अधिकारी को संपूर्ण जिले के लिए जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं कनिष्ठ अथवा सहायक आपूर्ति अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ब्लॉक स्तर पर समन्वय हेतु संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रहेंगे।

विकासखंडवार कैंप की तिथियाँ

करैरा, बदरवास एवं शिवपुरी विकासखण्ड में 29 सितम्बर को, नरवर, कोलारस एवं पिछोर विकासखण्ड में 28 सितम्बर, पोहरी एवं खनियाधाना विकासखण्ड में 30 सितम्बर को शिविर लगाए जाएगें। 

सेवा सेतु कैंपों में सम्पादित होने वाले मुख्य कार्य

आयोजित शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं योजना के लाभांवित हितग्राहियों की मौजूदगी में विभिन्न कार्य संपादित किए जाएंगे। जिसमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को मिलने वाले निःशुल्क खाद्यान्न वितरण एवं वन नेशन वन राशन कार्ड योजना का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। नवीन पात्रता पर्ची हेतु आवेदन करने वाले प्रतीक्षारत हितग्राहियों (5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर) की ई-केवाईसीकी जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत वर्ष 2021 से पूर्व ई-केवाईसी कराने वाले हितग्राहियों (जो पीओएस मशीन में पीले रंग से प्रदर्शित हैं) की री ई-केवाईसी संपन्न कराई जाएगी।

डाटाबेस में मोबाइल सीडिंग एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण

राशन वितरण की जानकारी एसएमएस द्वारा प्रेषित करने हेतु जिन परिवारों के मोबाइल नंबर दर्ज नहीं हैं या त्रुटिपूर्ण हैं, उनके सही मोबाइल नंबर दर्ज किए जाएंगे। नवीन पात्रता पर्ची जारी करने तथा राशन न मिलने से संबंधित मुख्यमंत्री सीएम हेल्पलाइन एवं सीपी ग्राम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का शिविर स्थल पर ही समाधान किया जाएगा।

पात्र परिवारों को वितरित किए जाने वाले गेहूं, चावल एवं नमक के सैंपल प्रदर्शित कर हितग्राहियों को खाद्यान्न की गुणवत्ता से बताया जाएगा। शिविरों में खाद्य विभाग के साथ-साथ पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, नापतौल विभाग, समग्र/आधार से जुड़े अधिकारियों तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को भी आमंत्रित किया गया है।

आमजन से अपील एवं निर्देश

कलेक्टर वर्मा ने संबंधित नोडल अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि वे पूरी तैयारी के साथ नियत तिथियों पर कैंप आयोजित करें। साथ ही जिले के निवासियों से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र के ‘सेवा सेतु कैंप’ में उपस्थित होकर खाद्यान्न योजनाओं से जुड़ी अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं तथा योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म