कोतवाली पुलिस ने न्यायालय में पेश कर भेजा जेल
शिवपुरी - थाना कोतवाली पुलिस द्वारा शासकीय भूमि से संबंधित धोखाधड़ी के प्रकरण में फरार चल रहे 3,000 रुपये के इनामी आरोपी सीताराम गौड़ को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल शिवपुरी दाखिल कराया गया।
दिनांक 21 मार्च 2025 को थाना कोतवाली में फरियादी पटवारी आनंद यादव पुत्र वीरेन्द्र यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी पटवारी हल्का झींगुरा, शिवपुरी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि आरोपीगण सीताराम गौड़, विजय गौड़, कन्हैया गौड़, रवि गौड़, आनंदी गौड़, श्रीमती धन्नो गौड़, श्रीमती महादेवी गौड़, राजेश कुशवाह एवं रामनिवास रावत द्वारा फर्जी एनजीओ प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर प्रशासन की भूमि को एनजीओ के नाम रजिस्ट्री कराई गई तथा उक्त भूमि का विक्रय कर धोखाधड़ी की गई।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 222/25, धारा 318(4), 336(3), 340 एवं 338(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में पूर्व में 08 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी, जबकि आरोपी सीताराम गौड़ घटना दिनांक से फरार चल रहा था।
3 हजार रुपये का इनाम घोषित
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा आरोपी सीताराम गौड़ पुत्र मिडूलाल गौड़, उम्र 52 वर्ष, निवासी बृजधाम कॉलोनी, ठकुरपुरा, शिवपुरी की गिरफ्तारी के लिए पत्र क्रमांक पु.अ./शिव./सी.आई.डी./एडी/86/26, दिनांक 25.08.2026 के माध्यम से 3,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रोहित दुबे द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने दिनांक 24 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए 26 नंबर कोठी के पीछे स्थित आरा मशीन के पास से प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी सीताराम गौड़ को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई तथा उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने पर आरोपी को जिला जेल शिवपुरी दाखिल कराया गया।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रोहित दुबे, उनि. विवेक भट्ट, आर. 676 कुलदीप चतुर्वेदी, आर. 344 बृजेन्द्र रावत एवं आर. 350 मुकेश वर्मा की विशेष भूमिका रही।
Tags
Shivpuri