शिवपुरी - पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में शिवपुरी पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी एवं अवैध रूप से हथियार रखने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिरसौद एवं चौकी हिम्मतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 08 नग देशी पिस्टल .32 बोर एवं .32 बोर के 10 जिंदा राउंड बरामद किए हैं। बरामद हथियारों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों की बिक्री एवं रखने वाले आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति, एसडीओपी पोहरी आनंद राय एवं एसडीओपी पिछोर प्रमोद कुमार शाक्य के मार्गदर्शन में थाना सिरसौद एवं चौकी हिम्मतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
इलाका भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी सिरसौद उनि. धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध हथियारों की खेप लेकर शिवपुरी की ओर जाने वाला है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौकी हिम्मतपुर प्रभारी एवं पुलिस बल को सहायता के लिए भेजा गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.डी. प्रजापति, एसडीओपी पोहरी श्री आनंद राय एवं एसडीओपी पिछोर श्री प्रमोद कुमार शाक्य के मार्गदर्शन में थाना सिरसौद एवं चौकी हिम्मतपुर की टीमों द्वारा शिवपुरी-श्योपुर रोड पर गश्त एवं चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान खोरघार की पुलिया के पास एक व्यक्ति नीले रंग का बैग लेकर बैठा दिखाई दिया। वह बार-बार अपने बैग पर हाथ रखकर इधर-उधर देख रहा था। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ा और बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से 08 नग देशी पिस्टल .32 बोर एवं .32 बोर के 10 जिंदा राउंड, अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये, बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी की पहचान अंशुल अहिरवार पुत्र हरपाल सिंह अहिरवार, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम छता, थाना बड़ौनी, वर्तमान निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 36, थाना सिविल लाइन, जिला दतिया के रूप में की है।
आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार एवं कारतूस जब्त कर थाना सिरसौद में अपराध क्रमांक 247/2026, धारा 25/27 एवं 25(1-क) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
पूछताछ में सामने आई जानकारी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध हथियार सेंधवा, जिला बड़वानी से लेकर आया था और इन्हें लेकर जिला दतिया जा रहा था। आरोपी के अनुसार, रास्ते में उसकी आंख लग गई और वह श्योपुर पहुंच गया। श्योपुर से शिवपुरी आते समय थाना सिरसौद एवं चौकी हिम्मतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त एवं इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में उनि. धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, थाना प्रभारी सिरसौद; उनि. रामानंद पचौरी, चौकी प्रभारी हिम्मतपुर; उनि. जगदीश भिलाला; प्रआर. 798 सत्यवीर सिंह जादौन; प्रआर. 351 बलवंत पाल; प्रआर. 792 रविन्द्र सिनोरिया; प्रआर. 657 बृजेन्द्र गुर्जर; आर. 257 मुकेश परमार; आर. 917 रमेश सिंह तथा चौकी हिम्मतपुर के प्रआर. 193 अरविंद कुमार मांझी, आर. 130 अंकित सिंह, आर. 595 रामअवतार सिंह, आर. 466 बलबीर सिंह एवं आर. चालक 777 मनीष गोस्वामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।