शिवपुरी - मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर में वन विभाग, राजस्व, आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से करीब 8 से 10 झोपड़ियों को हटाकर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। वहीं मौके से अवैध रूप से विक्रय की जा रही कच्ची शराब भी जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, थाना देहात क्षेत्र में कब्रिस्तान के पास वन भूमि पर कुछ परिवारों द्वारा झोपड़ियां बनाकर निवास किया जा रहा था। यहां कथित रूप से बाहर से कच्ची शराब लाकर बेचने की शिकायतें भी सामने आई थीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में पुलिस, वन विभाग, राजस्व एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान जेसीबी की सहायता से वन भूमि पर बनी झोपड़ियों को हटाया गया।
वहीं आबकारी विभाग की टीम को मौके से काफी मात्रा में कच्ची शराब मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। मामले में आबकारी विभाग द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद वन भूमि से अतिक्रमण हटाकर जमीन को मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
Tags
Shivpuri