उज्जैनी, बांद्रा एक्सप्रेस सहित प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज, मेमू ट्रेन चलाने की रखी मांग, स्टेशन पर बढ़ाई जाएं यात्री सुविधाएं
बदरवास - कोलारस परगना के क्षेत्रीय विकास हेतु बदरवास में केंद्रीय विद्यालय खोलने सहित नगर के रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव, यात्री सुविधाओं के विस्तार, मेमू ट्रेन संचालन की मांग को लेकर रेलवे सुविधा संघर्ष समिति, बदरवास सेवामित्र मंडल और समाजसेवियों द्वारा केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को बदरवास आगमन पर उन्हें ज्ञापन सौंपा गया।
समाजसेवी और रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के गोविन्द अवस्थी ने ज्ञापन की जानकारी देते हुए बताया कि बदरवास स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस, झांसी-बांद्रा एक्सप्रेस, लक्ष्मीबाई नगर-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस और इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस के स्टॉपेज करने की मांग प्रमुखता से की गई है।
इन ट्रेनों के ठहराव से बदरवास सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, उज्जैन, मथुरा, दिल्ली, मुंबई, अमृतसर, बेंगलुरु और नागपुर सहित प्रमुख शहरों की यात्रा में सुविधा मिलेगी।
स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में बदरवास रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा हेतु दूसरे प्लेटफार्म का निर्माण, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफार्म पर लंबा टीन शेड, कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने और स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की मांग की गई इसके अलावा रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने, आरपीएफ आउट पोस्ट खोलने तथा मालभाड़े के लिए रैक प्वाइंट बनाने की मांग भी रखी गई।
मेमू ट्रेन चलाने और ट्रेनों की आवृत्ति बढ़ाने की रखी मांग
रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने गुना, रुठियाई अथवा अशोकनगर से ग्वालियर के बीच मेमू ट्रेन चलाने की मांग को प्रमुखता से रखा है इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को आरामदायक और सुगम, किफायती यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
इसके साथ ही इंदौर-ऊना हिमाचल एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने तथा उधना-बनारस एक्सप्रेस और ग्वालियर-दौंड एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन चलाने की मांग भी की गई।
बदरवास में केंद्रीय विद्यालय खोलने की रखी मांग
समाजसेवियों और बदरवास सेवामित्र मंडल ने बदरवास में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग को लेकर भी केंद्रीय मंत्री सिंधिया को ज्ञापन दिया इसमें बताया गया कि बदरवास शिवपुरी और गुना दोनों जिला मुख्यालयों से करीब 50-50 किलोमीटर दूर है क्षेत्र में उच्च स्तरीय केंद्रीय शिक्षा संस्थान नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी होती है।
बदरवास में केंद्रीय विद्यालय खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सकेगा ज्ञापन सौंपने वालों में गोविन्द अवस्थी, संजीव जाट, कपिल परिहार, कुलदीप ग्वाल सहित अन्य सदस्य एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
Tags
Badarwas
