श्रीकृष्ण के मनमोहक चित्रों में दिखी छात्राओं की कलाकारी
बदरवास - छात्राओं में रचनात्मक प्रतिभा को निखारने एवं भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से कृष्ण बनाओ चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल बदरवास में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न मनमोहक चित्र बनाए और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों को कागज पर उकेरा। किसी छात्रा ने बांसुरी बजाते हुए श्रीकृष्ण का चित्र बनाया तो किसी ने राधाकृष्ण एवं श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को अपनी चित्रकारी में उकेरा। प्रतियोगिता में छात्राओं को जूनियर एवं सीनियर वर्ग में विभाजित किया गया निर्णायकों द्वारा छात्राओं की कलाकृतियों का मूल्यांकन करने के बाद दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं का चयन किया गया।
जूनियर वर्ग में राधिका सोनी ने प्रथम, कृतिका खटीक ने द्वितीय तथा शोभा जाटव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया वहीं सीनियर वर्ग में राजनंदिनी जाटव ने प्रथम, रामसखी कुशवाह ने द्वितीय स्थान तथा तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से प्रतिज्ञा धाकड़ एवं अंजना धाकड़ रहीं।
चयनित छात्राओं को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया पुरस्कार पाकर छात्राओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उनकी कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास और कला कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़ चढ़कर भाग लेते हुए अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
Tags
Badarwas