रंग, कल्पना और संदेश का अनूठा संगम, छात्राओं ने दिया पर्यावरण,संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का संदेश - Badarwas

छात्राओं ने रंगों में उकेरे सपने, चित्रों से दिया जागरूकता का संदेश

कन्या उमावि में चित्रकला प्रतियोगिता, प्रदर्शनी देखने छात्राओं में दिखा उत्साह

बदरवास  :-  सामाजिक संदेश देने हेतु कला, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन करते हुए शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल बदरवास में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने अंदर छुपी प्रतिभा को कूची के माध्यम से केनवास पर उतारकर अपनी कला को साकार रूप दिया। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, हरियाली, सामाजिक एकता, शिक्षा, डिजिटल इंडिया और प्रकृति संरक्षण, कला, संस्कृति, विज्ञान, ऐतिहासिक जैसे विभिन्न प्रेरक विषयों को अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना को जीवंत रूप दिया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट चित्र बनाने वाली छात्राओं में से प्रथम स्थान सोनिया अहिरवार, द्वितीय राधिका धाकड़,रामसखी कुशवाह एवं तृतीय स्थान के लिए कृतिका खटीक, प्रतिभा ओझा, रागिनी कुशवाह की पेंटिंग्स का चयन किया गया, जबकि शेष चयनित पेंटिंग्स को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
 
छात्राओं की बनाई गईं पेंटिंग्स की लगाई प्रदर्शनी

प्रतियोगिता के बाद छात्राओं द्वारा बनाई गई सभी आकर्षक एवं संदेश देती सभी पेंटिंग्स की विद्यालय परिसर में प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी में सजी रंग-बिरंगी कलाकृतियां छात्राओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। विद्यालय की छात्राएं बड़ी उत्सुकता के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन कर कलाकृतियों से नई कल्पनाओं और रचनात्मकता की प्रेरणा ले रही हैं।किसी चित्र में बूंद-बूंद पानी बचाने का संदेश है तो किसी में पेड़-पौधों और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की अपील। वहीं कुछ छात्राओं ने संस्कृति,सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और आधुनिक तकनीक से जुड़े विषयों को भी अपनी कला में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है।

शिक्षकों ने छात्राओं का हौसला बढ़ाकर उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं। छात्राओं ने अपनी मेहनत से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रदर्शन किया है।

चित्रकला प्रतियोगिता और पेंटिंग प्रदर्शनी को लेकर विद्यालय की छात्राओं में उत्साह और उमंग का माहौल है।इस अवसर पर प्राचार्य चंद्रवीरसिंह सेंगर, चंद्रभान श्रीवास्तव, गोविन्द अवस्थी, ममता श्रीवास्तव, कपिल परिहार, बसंती मिंज, उदय सिंह, विनीता कुशवाह, डॉ ममता यादव, शशि गुप्ता,शैलेन्द्र भदौरिया,कनक कुशवाह, महेंद्र कुशवाह, हरवीरसिंह यादव, दलवीर सिंह, निर्मला शर्मा, रोहित चौरसिया, रंजना निरंजन, हितेन्द्र कुशवाह, नीलेश रघुवंशी, शालिनी श्रीवास्तव, नावेद अली, बलराम परिहार सहित सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।

भाषण प्रतियोगिता में दिखा छात्राओं का आत्मविश्वास

कन्या उमावि बदरवास में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में मेरे सपनों का भारत सहित विभिन्न विषयों पर अपने अंदर के भावों और विचारों को भाषणों के माध्यम से सभी के सामने रखकर अपने आत्मविश्वास से शानदार प्रदर्शन किया।भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान खुशबू यादव,द्वितीय राधिका धाकड़ तथा तृतीय स्थान पर मुस्कान बानो रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म