छात्राओं ने प्रस्तुत की नृत्य नाटिकाएं, कृष्ण स्वरूप बनने और चित्रकला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
दिनेश झा बदरवास - भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में बदरवास के शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और राधा-कृष्ण के प्रेम को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया कार्यक्रम में छात्राओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह देखते ही बना।
समारोह के दौरान श्रीकृष्ण के स्वरूप बनने की प्रतियोगिता आयोजित की गई इसमें छात्राओं ने आकर्षक वेशभूषा धारण कर बाल कृष्ण और राधा के मनमोहक स्वरूप प्रस्तुत किए नन्हे कान्हा के रूप में सजी छात्राओं ने अपनी भाव-भंगिमाओं और प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और कला प्रतिभा का परिचय देते हुए कृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण, माखन चोरी और अन्य प्रसंगों को सुंदर चित्रों के माध्यम से उकेरा।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की नृत्य नाटिकाएं और मनमोहक झांकियां रहीं। रंग-बिरंगी वेशभूषा, भावपूर्ण अभिनय और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही छात्राओं ने सुंदर गीत और भजन प्रस्तुत कर समां बांध दिया मधुर भजनों और कृष्ण भक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा छात्राओं और विद्यालय स्टाफ ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर गोविन्द अवस्थी, बसंती मिंज, कपिल परिहार, उदय सिंह, विनीता कुशवाह, डॉ ममता यादव, शशि गुप्ता, कनक कुशवाह, महेंद्र कुशवाह, हरवीरसिंह यादव, दलवीर सिंह, निर्मला शर्मा, रोहित चौरसिया, रंजना निरंजन, हितेन्द्र कुशवाह, नीलेश रघुवंशी, शालिनी श्रीवास्तवनावेद अली हाशमी सहित सैकड़ों की संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

