कोलारस - नगर में छात्राओं एवं महिलाओं के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने के आरोप का मामला सामने आया है। इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल कोलारस की टीम ने कोलारस थाना में आवेदन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि कोलारस शहर में पुराने थाने के पास स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राएं प्रतिदिन एप्रोच रोड से निकलती हैं। आरोप है कि इसी मार्ग पर कुछ महिलाओं एवं छात्राओं के वीडियो एक व्यक्ति द्वारा बनाए जाते हैं। बजरंगियों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं की बिना सहमति वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड किया जा रहा है।
आवेदन में एक इंस्टाग्राम आईडी का उल्लेख करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
Tags
Kolaras