शिवपुरी - जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के स्पष्ट निर्देशों के परिपालन में, जिले में शासकीय योजनाओं एवं सहकारी संस्थाओं में वित्तीय अनियमितता करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सहकारी बैंक राशि गबन मामले में हुई कार्यवाही
सहकारी बैंक राशि गबन के मामले में प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित विलोकलां के निलंबित सहायक समिति प्रबंधक मुकेश रावत के विरुद्ध किसानों की राशि गबन करने और धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। वित्तीय अनियमितता के कारण मुकेश रावत को निलंबित किया गया था।
प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित विलोकलां के निलंबित सहायक समिति प्रबंधक मुकेश रावत ने कृषक सदस्यों से वसूली गई राशि बैंक खाते में जमा न कर अपने निजी उपयोग में ली गई साथ ही, किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर उनके नाम पर खाद एवं ऋण का झूठा बकाया दर्ज किया गया।
सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा की गई जांच के बाद मुकेश रावत द्वारा कुल 2,80,150 रुपये की शासकीय राशि का गबन एवं धोखाधड़ी पाई गई है।
यह मामला संज्ञान में आते ही कलेक्टर अर्पित वर्मा ने एफआईआर के निर्देश दिए। मुकेश रावत के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसानों के हक का पैसा हड़पने और सहकारी संस्थाओं में किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी या फर्जीवाड़े को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों और आमजन से जुड़ी शिकायतों की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
Tags
Shivpuri