बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
कोलारस। बुधवार को कोलारस विधानसभा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, कम वोल्टेज और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोलारस ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था में सुधार, किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने और स्मार्ट मीटर लगाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
बिजली संकट से किसान परेशान, फसलें सूखने की कगार पर
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार अघोषित बिजली कटौती और कम वोल्टेज के कारण किसानों को सिंचाई में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट के चलते फसलें सूखने की कगार पर हैं, वहीं कम वोल्टेज के कारण किसानों की महंगी विद्युत मोटरें भी जल रही हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक की मांग
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने किसानों को प्रतिदिन कम से कम 10 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने, जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने और क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इसके साथ ही रेत उत्खनन के चलते स्टॉप डेमों के गेट बंद किए जाने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से उठाई गई।
सात दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन
कांग्रेस ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करना जरूरी है।
अब देखना होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग कांग्रेस की इन मांगों पर कितनी शीघ्र कार्रवाई करते हैं और क्षेत्र के किसानों को बिजली संकट से राहत कब तक मिल पाती है।
Tags
Kolaras