पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अधिकारियों ने अर्पित किए पुष्पचक्र, वीर जवानों के बलिदान को किया याद
शिवपुरी। पुलिस स्मृति दिवस पर शिवपुरी पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 शहीद जवानों को नमन किया गया। इस दौरान शहीदों के नामों का वाचन कर उन्हें सलामी दी गई और उनके परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने शहीद जवानों के नामों का वाचन किया और शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
21 अक्टूबर को क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सेना के हमले का मुकाबला करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवानों ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उन्हीं वीर जवानों के बलिदान की स्मृति में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देशभर में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के योगदान को याद करने का अवसर है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में जिला प्रधान न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, डीएफओ शुधांशु यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति, सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे और रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से शहीद जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद किया गया। शहीद परिवारों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
Tags
Shivpuri