ग्वालियर बस स्टैंड पर 680 किलो मावा जब्त, जांच के लिए नमूने भेजे जाएंगे
ग्वालियर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने सोमवार को ग्वालियर बस स्टैंड पर कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 680 किलोग्राम मावा जब्त किया। मावा के दो नमूने लेकर शेष माल जब्त कर लिया गया। नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं अपर कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गिरीश राजौरिया और सतीश कुमार धाकड़ ने वाहन क्रमांक MP06 GA 3281 की जांच की। वाहन में 17 डालियों में मावा रखा मिला। इसकी कुल मात्रा 680 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।
अधिकारियों ने मावा के मालिक सुरेश गुप्ता, निवासी दत्तपुरा, मुरैना से दो नमूने लिए। नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शीतला माता मंदिर पर प्रसाद की दुकानों का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की दूसरी टीम ने शीतला माता मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकानों का निरीक्षण किया। चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से खाद्य पदार्थों की प्रारंभिक जांच भी की गई।
टीम ने दुकानदारों को प्रसाद सामग्री ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य लाइसेंस व पंजीयन प्रमाण-पत्र प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेड़ा, बर्फी और मिल्क केक जैसी दुग्ध उत्पादों से बनी प्रसाद सामग्री को लंबे समय तक रखकर उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण दल में लोकेन्द्र सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, आनंद प्रकाश शर्मा और श्रीमती निरूपमा शर्मा शामिल रहे।
Tags
Gwalior