हेप्पीडेज ए ने जीता डायरेक्टर कप, फाइनल में हेप्पीडेज बी को 3-0 से हराया - Shivpuri

डीएसवायडब्ल्यू ने पेनल्टी शूटआउट में बाल शिक्षा निकेतन को हराकर हासिल किया तीसरा स्थान

शिवपुरी। खेल और युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर में आयोजित इंटर स्कूल अंडर-14 बालक वर्ग डायरेक्टर कप फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला हेप्पीडेज ए के नाम रहा। हेप्पीडेज ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हेप्पीडेज बी को 3-0 से शिकस्त देकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले में हेप्पीडेज ए के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम की ओर से मनन, देव झा और अनस शर्मा ने शानदार खेल दिखाते हुए एक-एक गोल दागा। तीन गोल के दम पर हेप्पीडेज ए ने मुकाबला 3-0 से अपने पक्ष में कर लिया।

पेनल्टी शूटआउट में डीएसवायडब्ल्यू ने मारी बाजी

प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए डीएसवायडब्ल्यू और बाल शिक्षा निकेतन के बीच मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।

पेनल्टी शूटआउट में डीएसवायडब्ल्यू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाल शिक्षा निकेतन को 3-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल से किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के दौरान मैच रेफरी की जिम्मेदारी भरत जाटव एवं विज्ञनेश मिसुरिया ने संभाली। स्कोरिंग का दायित्व रामपाल सिंह महते एवं सुजीत करोसिया ने निभाया, जबकि प्रतियोगिता का सफल संचालन कमल सिंह बाथम उर्फ शेरा द्वारा किया गया।

उभरते खिलाड़ियों को मिलता है प्रतिभा दिखाने का मंच

डीएफए सेक्रेटरी शाहरुख एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने कहा कि जिला खेल परिसर में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना उपलब्ध है। खिलाड़ी इन सुविधाओं का उपयोग कर अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से उदीयमान खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अनुभव हासिल करने का बेहतर अवसर मिलता है।

The Today Times | शिवपुरी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म