शिवपुरी। जिले में रविवार, 11 अक्टूबर को स्वामी ब्रह्मानंद फेलोशिप परीक्षा 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। परीक्षा जिले के कुल 30 केंद्रों पर एक साथ संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी केंद्रों पर छात्र निर्धारित समय से पहले आधार कार्ड के साथ पहुंचे और अनुशासन के साथ परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया था। जिलेभर में आयोजित इस परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारू रहीं और परीक्षा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न हुई।
होनहार विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है मुख्य उद्देश्य
इस आयोजन को अवंतिका हॉस्टल शिवपुरी द्वारा विभिन्न सामाजिक संगठनों की देखरेख में संपन्न कराया गया। आयोजकों के अनुसार, परीक्षा का मुख्य उद्देश्य बदलते समय के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सहयोग एवं अवसर प्रदान करना है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मिला मार्गदर्शन
परीक्षा के दौरान लक्ष्य शिक्षा राहत कोष फाउंडेशन के संरक्षक एवं देहरादून में पदस्थ जीएसटी कमिश्नर अमरपाल सर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों का मार्गदर्शन किया। सभी केंद्रों तक एक साथ पहुंचे इस मार्गदर्शन को आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया।
परीक्षा के सफल आयोजन पर आयोजक मंडल ने सहयोगी सामाजिक संस्थाओं, केंद्राध्यक्षों, व्यवस्थाओं में जुटे सदस्यों और परीक्षा में शामिल हुए सभी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलेभर में एक साथ 30 केंद्रों पर परीक्षा का सफल संचालन शिक्षा के प्रति जागरूकता और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया।
Tags
Shivpuri