कलेक्टर वर्मा ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं, चार जरूरतमंदों को रेडक्रॉस से 32 हजार की आर्थिक सहायता - Shivpuri



शिवपुरी - ​जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आज सैकड़ों आवेदकों की समस्याओं और शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही त्वरित निराकरण किया, वहीं शेष आवेदनों के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।




जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए चार जरूरतमंदों को रेडक्रॉस मद से कुल 32 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कर चेक प्रदान किए। इसमें ग्राम देदखुर्द बछौरा (पोहरी) निवासी महिला लक्ष्मी सेन को 10 हजार रुपए, ग्राम रेहरगवां बधोरा (करैरा) के दिव्यांग युवक सुमित कुमार वंशकार को इलाज हेतु 10 हजार रुपए तथा कमलागंज शिवपुरी निवासी गंभीर बीमारी से ग्रसित जितेंद्र धानुक को इलाज में मदद के लिए 10 हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा, ग्राम ख्यावदा (नरवर) निवासी गजराज सिंह को 2 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर चेक सौंपा गया।

इसके अलावा सहकारी बैंक में जमा राशि की मांग लेकर भी कई आवेदक आए तब कलेक्टर वर्मा ने सहकारी बैंक के महाप्रबंधक को हितग्राहियों को राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बकायेदारों से सख्ती से राशि की वसूली की जाए और हितग्राहियों की राशि दी जाए।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को ताकीद करते हुए कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आवेदनों के निराकरण में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म