टोरिया रोड स्थित पुराने ढाबे पर पुलिस ने दी दबिश, आरोपी के कब्जे से 7.85 ग्राम मादक पदार्थ बरामद, न्यायालय ने भेजा जेल - Shivpuri


बैराड़/शिवपुरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैराड़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 7.85 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में 31 अक्टूबर 2026 को बैराड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टोरिया रोड पर एक युवक स्मैक बेचने के लिए बैठा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर से मिली जानकारी के अनुसार संदेही यात्री प्रतीक्षालय से निकलकर पास में बंद पड़े पुराने ढाबे के टीन शेड के नीचे बैठा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जीतेन्द्र उर्फ जीतू प्रजापति (32), निवासी वार्ड क्रमांक 11, गायत्री कॉलोनी बैराड़ के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 7.85 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 418/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इनकी रही कार्रवाई में भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह भदौरिया सहित आरक्षक अतर सिंह रावत, ज्ञानसिंह रावत, राजेन्द्र प्रसाद, अजय शर्मा, रविन्द्र धाकड़, धर्मेन्द्र रावत, चालक आरक्षक मनीष परिहार और आरक्षक अजय नीखरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म