बदरवास - शिवपुरी जिले के कोलारस परगना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बदरवास जनपद पंचायत के ग्राम श्रीपुर चक्क स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने के निर्माण कार्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में पेवर ब्लॉक मिट्टी और बजरी के ऊपर लगाए जाते दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पेवर ब्लॉक बिछाने के लिए निर्धारित रूप से डस्ट का उपयोग किया जाना था, लेकिन डस्ट खत्म होने के बाद मिट्टी और बजरी के ऊपर ही पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, निर्माण कार्य की शुरुआत में डस्ट की एक-दो ट्रॉली मौके पर लाई गई थी, जिसके बाद डस्ट खत्म हो गई। इसके बाद कथित तौर पर पास की नदी से मिट्टी और बजरी लाकर विद्यालय परिसर में बिछाई जा रही है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि पेवर ब्लॉक के नीचे पर्याप्त और मजबूत बेस तैयार नहीं किया गया तो आने वाले समय में पेवर ब्लॉक उखड़ सकते हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
करीब 4 लाख रुपये की लागत से हो रहा निर्माण
बताया गया है कि प्राथमिक विद्यालय परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य जिला पंचायत की मद से कराया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 4 लाख रुपये है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत के सरपंच अमोल सिंह ने ग्रामीणों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पेवर ब्लॉक डस्ट के साथ ही लगाए जाएंगे। सरपंच के अनुसार, फिलहाल पहले मिट्टी और बजरी की लेयर तैयार की जा रही है। इसके बाद उसके ऊपर डस्ट डाली जाएगी और फिर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे।
सरपंच ने यह भी कहा कि किसी ग्रामीण ने निर्माण कार्य को गलत तरीके से दिखाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। अब वायरल वीडियो के बाद निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों की मांग पर जांच से स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
Tags
Badarwas