शिवपुरी - जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सैया होटल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-46 (NH-46) पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। होटल से खाना खाकर रॉन्ग साइड से निकल रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने सामने से आ रही इलेक्ट्रिक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार दो ममेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रॉन्ग साइड से आ रहा था कंटेनर
जानकारी के अनुसार देहदरदा सड़क निवासी राजेश रघुवंशी (55) अपने बुआ के बेटे रघुवीर रघुवंशी (56) निवासी डोडयाई के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी (MP09/DU/7081) पर सवार होकर देहदरदा से शिवपुरी किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही वे सैया होटल के पास पहुंचे, सामने से बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से आ रहे कंटेनर (MP07/AK/1697) ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद पलटा कंटेनर, केबिन में फंसा ड्राइवर
कंटेनर चालक होटल पर खाना खाने के बाद सड़क की दूसरी तरफ जाने के लिए गाड़ी को गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में दौड़ा रहा था। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद बेकाबू हुआ कंटेनर सड़क पर ही पलट गया, जिससे उसका चालक केबिन में ही फंस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से घायलों के साथ अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पीड़ित राजेश रघुवंशी की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
