मातृत्व और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बनीं पटवारी संध्या शर्मा, दो साल के बच्चे को साथ लेकर निभा रहीं शासकीय जिम्मेदारी - Shivpuri

 स्वामित्व योजना के पंजीयन कार्य में जुटीं

शिवपुरी। घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ शासकीय दायित्वों का निर्वहन किस तरह पूरी निष्ठा से किया जा सकता है, इसकी मिसाल शिवपुरी जिले के पटवारी हल्का डोंगर (क्रमांक 122) में पदस्थ श्रीमती संध्या शर्मा पेश कर रही हैं। वह अपने दो वर्षीय बच्चे की देखभाल के साथ शासन की महत्वपूर्ण स्वामित्व योजना के पंजीयन संबंधी कार्यों को भी जिम्मेदारी से पूरा कर रही हैं।

श्रीमती शर्मा अपने छोटे बच्चे को साथ लेकर क्षेत्र में ड्यूटी पर पहुंचती हैं। एक ओर बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी है, तो दूसरी ओर स्वामित्व योजना के तहत भूमि अभिलेख तैयार करना, आवश्यक जानकारी जुटाना और पंजीयन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करना है। इन दोनों जिम्मेदारियों के बीच वह बेहतर समन्वय बनाकर अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।

उनके पति भी शासकीय सेवा में कार्यरत हैं। ऐसे में पारिवारिक व्यस्तताओं के बावजूद श्रीमती शर्मा की अपने कार्य के प्रति गंभीरता और कर्तव्यनिष्ठा उल्लेखनीय है। बच्चे को साथ लेकर मैदानी क्षेत्र में पहुंचना और विभागीय जिम्मेदारियों को पूरा करना उनके समर्पण को दर्शाता है।
जिले में चल रहा स्वामित्व पंजीयन अभियान

शासन के निर्देशानुसार शिवपुरी जिले में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में स्वामित्व पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। योजना के क्रियान्वयन में राजस्व विभाग के मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका है।

स्वामित्व योजना के निर्धारित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए भूमि अभिलेखों का संधारण, आवश्यक जानकारियों का संकलन तथा पंजीयन संबंधी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इसी अभियान में पटवारी संध्या शर्मा भी अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ शासकीय दायित्व निभाकर मातृत्व और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म