स्वामित्व योजना: शिवपुरी में ई-केवाईसी और पंजीयन कार्य में आई तेजी
शिवपुरी - राज्य शासन के निर्देशों के परिपालन में तथा कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार शिवपुरी जिले में "स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख एवं पंजीयन अभियान" के अंतर्गत मैदानी स्तर पर तेजी से कार्य किया जा रहा हैं। गत दिवस कलेक्टर अर्पित वर्मा ने भी बदरवास तहसील कार्यालय पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने समस्त एसडीम और तहसीलदार को निर्देश दिए हैं। उन्होंने समस्त एसडीएम को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर वर्मा ने बदरवास तहसील कार्यालय का लिया जायजा
ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को उनकी आवासीय भूमि व परिसंपत्तियों का विधिक मालिकाना हक दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का जायजा लिया।कलेक्टर श्री वर्मा ने गत दिवस तहसील बदरवास कार्यालय का निरीक्षण किया। कार्यालय पहुंचकर स्वामित्व योजना के तहत चल रहे पंजीयन कार्यों की मैदानी स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम शिवदयाल धाकड़ और तहसीलदार को स्वामित्व पंजीयन के कार्यों में और तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एसडीएम और तहसीलदारों ने किया निरीक्षण
करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा एवं तहसीलदार द्वारा ग्राम खिरिया पुनावली का मैदानी निरीक्षण किया गया। इस दौरान गांव में चल रहे ई-केवाईसी एवं स्वामित्व अधिकार निष्पादन संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। वहीं, कोलारस एसडीएम शिवदयाल धाकड़ ने ग्राम मड़ा गणेश खेड़ा का स्थलीय निरीक्षण कर ई-केवाईसी और रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद कर स्वामित्व योजना के महत्व की जानकारी दी और सभी से समय पर अपना पंजीयन कराने की अपील की।
कोटवारों द्वार की जा रही मुनादी
ग्रामीणों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम स्तर पर कोटवारों एवं ऑटो वाहन के माध्यम से मुनादी एवं प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। मुनादी के जरिए ग्रामीणों को सूचित किया जा रहा है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ई-केवाईसी तथा संपत्ति पंजीयन का कार्य पूर्ण कराएं, जिससे उन्हें समय पर अपनी संपत्ति की निःशुल्क रजिस्ट्री प्राप्त हो सके।
विवादरहित रिकॉर्ड से ग्रामीणों को मिलेंगे कई लाभ
उल्लेखनीय है कि स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्तियों का पारदर्शी एवं विवादरहित रिकॉर्ड तैयार हो रहा है। इससे ग्रामीणों को अपनी संपत्ति की विधिक सुरक्षा मिलने के साथ-साथ बैंकों से आसानी से ऋण प्राप्त करने और आजीविका के नए अवसर उत्पन्न करने में अत्यधिक सुगमता हो रही है। प्रशासन द्वारा अपील की जा रही है कि सभी पात्र नागरिक इस अवसर का लाभ उठाकर अपना पंजीयन अवश्य कराएं।
Tags
Shivpuri