14 नवंबर को शिवपुरी में जनसुनवाई करेंगे केंद्रीय मंत्री सिंधिया, कोलारस सहित कई क्षेत्रों को देंगे विकास कार्यों की सौगात - Shivpuri



सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय में सुबह 10:30 बजे सुनेंगे आमजन की समस्याएं, कोलारस स्टेडियम और सड़क निर्माण कार्यों का करेंगे भूमिपूजन

शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास के अंतिम दिन 14 नवंबर 2026 (शनिवार) को शहर में जनसुनवाई करेंगे। इस दौरान वे आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे। साथ ही शिवपुरी और कोलारस क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात देंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री सिंधिया सबसे पहले माधव चौक पहुंचकर माधोमहाराज जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे सर्किट हाउस रोड स्थित सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय पहुंचेंगे, जहां जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें आम नागरिक अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर उनसे मुलाकात कर सकेंगे।

जनसुनवाई के बाद केंद्रीय मंत्री कोलारस स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां कोलारस स्टेडियम निर्माण कार्य और स्टेडियम से एसडीएम कार्यालय तक सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद वे लोहदेवी मंदिर पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें टोंगरा सब-स्टेशन का लोकार्पण प्रमुख रूप से शामिल है।

इसके अलावा सिरसौद-खोड़ रोड से उदयपुरा की ओर, धुलाई पारे का ताल से फूलपुर डांडा, मनपुरा-मायापुरा रोड से भुवारा, शिवपुरी-पोहरी रोड से जसराजपुर, कोटा रोड से शीतलपुरा, भंवरगढ़ रोड से कंचनपुर, पिपरसमा-लोहदेवी रोड से झंडू, चिरवाहा से धनरा मार्ग तथा एनएच-27 से बीरा रोड पर क्षतिग्रस्त पुल के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रमों के समापन के बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया लोहदेवी मंदिर से सड़क मार्ग द्वारा ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। उनके इस प्रवास के दौरान जनसुनवाई के साथ क्षेत्र में सड़क, बिजली और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म