कोलारस में 15-16 नवंबर को सजेगी लोक संस्कृति की महफिल, दो दिवसीय लोकोत्सव का होगा आयोजन - Kolaras

लांगुरिया गायन, लहंगी नृत्य, भक्तिमती शबरी और श्रीहनुमान लीला-नाट्य सहित बुंदेली गायन की होंगी आकर्षक प्रस्तुतियां

कोलारस। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन शिवपुरी के सहयोग से कोलारस में दो दिवसीय पारंपरिक लोक कला महोत्सव 'लोकोत्सव' का आयोजन किया जा रहा है। 15 और 16 नवंबर 2026 को शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया महाविद्यालय मैदान में प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आने वाले कलाकार अपनी पारंपरिक कलाओं के माध्यम से लोक जीवन, आस्था और सांस्कृतिक विरासत की छटा बिखेरेंगे।

लोकोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं का संरक्षण एवं प्रोत्साहन करना है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जोड़ना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। दो दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में गायन, नृत्य और लीला-नाट्य के माध्यम से बुंदेलखंड, चंबल और अन्य अंचलों की लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में नगरवासियों और कला प्रेमियों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

पहले दिन लांगुरिया गायन, लहंगी नृत्य और भक्तिमती शबरी लीला

15 नवंबर को लोकोत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत शाम 6:30 बजे होगी। इस दौरान भिंड के ज्ञानसिंह शाक्य एवं साथी लांगुरिया गायन की प्रस्तुति देंगे। वहीं श्योपुर के रामलखन आदिवासी एवं साथी पारंपरिक लहंगी नृत्य के माध्यम से लोक संस्कृति के रंग बिखेरेंगे। इसके अलावा ग्वालियर की गीतांजलि गिरवाल द्वारा पुनर्संयोजित भक्तिमती शबरी लीला-नाट्य का मंचन भी किया जाएगा।

दूसरे दिन बुंदेली गायन और श्रीहनुमान लीला-नाट्य का आकर्षण

16 नवंबर को लोकोत्सव के दूसरे एवं अंतिम दिन निवाड़ी के राजीव रावत एवं साथी बुंदेली गायन की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही उज्जैन के श्री सतीश दवे द्वारा पुनर्संयोजित श्रीहनुमान लीला-नाट्य का मंचन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को लोक गायन, धार्मिक प्रसंगों और पारंपरिक नाट्य कला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

दो दिवसीय लोकोत्सव के जरिए कोलारस में लोक कला और संस्कृति का विशेष माहौल तैयार होगा। आयोजकों ने नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, युवाओं और कला प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होकर लोक कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म