जनसंपर्क कार्यालय में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग, व्यक्तिगत रूप से सुनीं समस्याएं; कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद
शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को शिवपुरी स्थित अपने जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। सिंधिया ने प्रत्येक व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान सिंधिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए उनका त्वरित और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए।
इस दौरान शिवपुरी कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। सिंधिया ने अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि शेष प्रकरणों में शीघ्र आवश्यक कदम उठाने को कहा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनसुनवाई का उद्देश्य जनता से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी अपेक्षाओं, जरूरतों तथा क्षेत्रीय समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
Tags
Shivpuri