भगवान कपिल मुनि के जीवन, इतिहास और आध्यात्मिक विचारों पर आधारित है पुस्तक, आश्रम के संरक्षण एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं का भी किया गया उल्लेख
कोलारस/शिवपुरी। भगवान कपिल मुनि के जीवन, जन्मस्थली, इतिहास, आध्यात्मिक विचारों और केलधार स्थित उनकी तपोभूमि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों पर आधारित पुस्तक ‘कपिल का केलधार’ का 12 नवंबर को पुनः लोकार्पण किया गया। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केलधार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुस्तक का पुनः लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस पुस्तक के लेखक केलधार निवासी अधिवक्ता बृजेंद्र सिंह धाकड़ हैं, जो इंदौर उच्च न्यायालय में प्रैक्टिसरत हैं। उन्होंने पुस्तक के माध्यम से भगवान कपिल मुनि के जीवन परिचय, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व तथा केलधार स्थित उनके आश्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं को विस्तार से प्रस्तुत किया है।
आश्रम के संरक्षण और विकास पर विशेष जोर
पुस्तक में भगवान कपिल मुनि के आश्रम के संरक्षण, संवर्धन और भव्य स्वरूप में विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को भी शामिल किया गया है। इसमें बताया गया है कि किस प्रकार इस ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है।
लेखक बृजेंद्र सिंह धाकड़ का उद्देश्य भगवान कपिल मुनि के गौरवशाली इतिहास और उनकी आध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही केलधार स्थित आश्रम के संरक्षण और विकास के प्रति जनप्रतिनिधियों एवं आमजन का ध्यान आकर्षित करना भी पुस्तक लेखन का प्रमुख उद्देश्य है।
पुस्तक के पुनः लोकार्पण के माध्यम से भगवान कपिल मुनि के जीवन और केलधार की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया गया है।
Tags
Kolaras