शिवपुरी। जिले के ग्रामीण अंचलों में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 नवंबर से 21 नवंबर तक विभिन्न गांवों में निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण और आयुर्वेदिक चिकित्सा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान आमखो, ग्वालियर द्वारा 'आयुर्वेद चल स्वास्थ्य रक्षण कार्यक्रम 2026-27' के अंतर्गत इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि नवंबर माह में जिले के छह स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को ग्राम खोरधार (झिरी रोड), 17 नवंबर को ग्राम गूबरीपुरा (झिरी रोड), 18 नवंबर को ग्राम मनपुरा (पिछोर), 19 नवंबर को ग्राम भौंती (पिछोर), 20 नवंबर को ग्राम रामनगर (नरवर) तथा 21 नवंबर को ग्राम सिरसौद (करैरा) में निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग ने संबंधित ग्राम पंचायतों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी शिविर स्थल पर पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाएं।
Tags
Shivpuri