एकजुट हुए किसान और एजेंट, अब शाम को एक ही समय पर होगा टमाटर की फसल का सौदा
कोलारस। शिवपुरी जिले में टमाटर की खेती करने वाले किसान इन दिनों उचित दाम नहीं मिलने से परेशान हैं। लाखों रुपये की लागत लगाने के बावजूद किसानों को उनकी उपज का अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। खासकर छोटे किसानों को बाजार की कीमतों की सही जानकारी नहीं होने के कारण कम दाम पर अपनी फसल बेचनी पड़ रही है। इस समस्या को लेकर रविवार दोपहर कोलारस के ग्राम डेहरवारा में प्रगतिशील किसान मंच के तत्वावधान में किसानों और टमाटर व्यापारियों के स्थानीय एजेंटों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में किसानों ने एक-एक कर अपनी समस्याएं रखीं। चर्चा के दौरान सामने आया कि क्षेत्र में टमाटर के सौदे अलग-अलग समय पर होने के कारण विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में अलग-अलग कीमतें तय हो रही हैं। इसका सबसे अधिक नुकसान छोटे किसानों को उठाना पड़ रहा है। बड़े किसानों को दिल्ली सहित देश की अन्य मंडियों के भाव की जानकारी रहती है, जबकि छोटे किसान जानकारी के अभाव में कम कीमत पर ही अपनी फसल बेच देते हैं।
इस समस्या के समाधान के लिए बैठक में किसानों और एजेंटों ने आपसी सहमति से निर्णय लिया कि अब टमाटर की फसल का सौदा सुबह के बजाय प्रतिदिन शाम को एक निर्धारित समय पर किया जाएगा। सुबह के समय कोई सौदा नहीं होगा। किसानों का मानना है कि एक ही समय पर सौदे होने से पूरे क्षेत्र में टमाटर की कीमतों में एकरूपता आएगी और छोटे किसानों को भी उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।
बैठक में किसानों ने फसल की सिंचाई के दौरान होने वाली अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। किसानों ने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से खेती प्रभावित हो रही है और उन्हें अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के अंत में सभी किसानों ने एकजुट रहने और किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर मिलकर आवाज उठाने का संकल्प लिया। किसानों ने कहा कि यदि किसान संगठित रहेंगे तो उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा और उनके अधिकारों के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकेंगे।
Tags
Kolaras