नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को बताए नशे के दुष्परिणाम - Shivpuri


शिवपुरी। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एडीआर भवन परिसर शिवपुरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश अशोक कुमार शर्मा, पंचम जिला न्यायाधीश अरुण कुमार सिंह, जिला न्यायाधीश एवं सचिव कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया, सप्तम जिला न्यायाधीश श्रीमती रीतु वर्मा कटारिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री प्रीति परिहार एवं सुश्री प्रत्यक्षा कुलेश उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में नालसा की 'नशा मुक्त भारत के लिए योजना 2025' के तहत मादक एवं नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नशा पीड़ितों को उपलब्ध कराई जाने वाली विधिक सहायता एवं नालसा की नशा पीड़ितों के लिए विधिक सेवा योजना के बारे में बताया गया।

वक्ताओं ने विशेष रूप से युवाओं, किशोरों, बच्चों एवं विद्यार्थियों के बीच बढ़ते नशीले पदार्थों के सेवन और मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नशे की रोकथाम के लिए जागरूकता, सामूहिक प्रयास और कानूनी प्रावधानों की जानकारी को महत्वपूर्ण बताया। इसके साथ ही नालसा एवं सालसा द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल आलोक श्रीवास्तव, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल पवन कुमार चंदेल, निखिल सक्सेना, मनीष कुमार जैन, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल नुपुर राठौर, पैनल अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव एवं गणेश शर्मा, पीएलवी, विद्यालय शिक्षक केदार सिंह धाकड़ एवं महेश वर्मा सहित शासकीय विद्यालय क्रमांक 1, 2 और संदीपनी विद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म