लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, 315 बोर का देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त TVS राइडर बाइक जब्त
शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने महिला से कट्टा दिखाकर सोने का मंगलसूत्र लूटने की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, 315 बोर का देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई TVS राइडर मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को फरियादी सुमित पुत्र सीताराम जाटव निवासी ग्राम सेंगवा, थाना थरेट, जिला दतिया ने करैरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम छिरारी स्थित अपने साढ़ू के घर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम झंडा की पहाड़ियों के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने कट्टा दिखाकर उसकी पत्नी का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 810/26 के तहत धारा 309(4) बीएनएस एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शीतला माता मंदिर करही से तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुम्हेर सिंह पुत्र भागीरथ परिहार (27 वर्ष), निवासी ग्राम मिहावरा थाना सीहोर, गोलू उर्फ मेहताब सिंह परिहार (22 वर्ष) एवं बोबी परिहार (22 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बेरखेड़ा थाना करैरा शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में तीनों ने मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
कट्टा, कारतूस और बाइक भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक सोने का मंगलसूत्र, 315 बोर का एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त TVS राइडर मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 25/27 आर्म्स एक्ट का इजाफा किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य लूट एवं चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक अरुण वर्मा, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, आरक्षक हरेंद्र गुर्जर एवं आरक्षक नीरज सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
Shivpuri