कोलारस को ₹3.97 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, जल्द बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम - Kolaras

पंचायत से विधानसभा स्तर तक होगा क्रिकेट टूर्नामेंट, पांचों विधानसभा की टीमें लेंगी हिस्सा; सिंधिया ने बच्चों के साथ खेला बैडमिंटन

कोलारस/शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कोलारस में ₹3.97 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें ₹2.97 करोड़ की लागत से आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण और ₹1 करोड़ की लागत से स्टेडियम से एसडीएम कार्यालय तक सड़क निर्माण कार्य शामिल है। इस दौरान सिंधिया ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। नए स्टेडियम के निर्माण से कोलारस क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेल अभ्यास एवं अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।


₹2.97 करोड़ से बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोलारस में बनने वाला आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थानीय खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। यहां खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान सिंधिया ने बैडमिंटन कोर्ट पर उतरकर बच्चों के साथ बैडमिंटन भी खेला। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की है।

स्टेडियम से एसडीएम कार्यालय तक बनेगी सड़क

स्टेडियम से एसडीएम कार्यालय तक ₹1 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। सिंधिया ने कहा कि सड़क का निर्माण गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। इससे स्टेडियम तक पहुंच आसान होने के साथ स्थानीय नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

जूडो और वुशु के प्रदर्शन ने किया प्रभावित

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय बच्चों और बच्चियों ने इंडोर स्टेडियम में मैट पर जूडो और वुशु का प्रदर्शन किया। बच्चों के कौशल और आत्मविश्वास को देखकर सिंधिया ने उनकी सराहना की तथा खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों को भी बधाई दी। उन्होंने बताया कि इंडोर स्टेडियम में मैट की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है और बैडमिंटन कोर्ट भी तैयार किया गया है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में अभ्यास के अवसर मिलेंगे।

शिवपुरी की खेल उपलब्धियों का किया उल्लेख

सिंधिया ने शिवपुरी के श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 15 वर्ष पहले स्थापित इस परिसर में आज अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। हाल ही में शिवपुरी में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

उन्होंने बताया कि क्रिकेट में लावण्या और दीक्षा धाकड़ मध्य प्रदेश की अंडर-17 टीम तक पहुंची हैं, जबकि राइफल शूटिंग में नीरू डांडिया ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां ग्वालियर-चंबल अंचल में मौजूद खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का उदाहरण हैं।

पंचायत स्तर से विधानसभा तक होगा क्रिकेट टूर्नामेंट

कार्यक्रम में सिंधिया ने कोलारस में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने की पहल भी प्रस्तावित की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत से क्रिकेट टीम बनाई जाए। पंचायत स्तर पर विजेता टीमें ब्लॉक स्तर पर मुकाबला करेंगी और इसके बाद विधानसभा स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

उन्होंने शिवपुरी जिले की पांचों विधानसभा सीटों कोलारस, शिवपुरी, पिछोर, करेरा और पोहरी की टीमों के बीच टूर्नामेंट कराने का प्रस्ताव रखा। इसके तहत सेमीफाइनल मुकाबले शिवपुरी में और फाइनल मुकाबला कोलारस में आयोजित करने की बात कही। सिंधिया ने स्वयं भी प्रतियोगिता में शामिल होकर खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई।

उन्होंने जनवरी में आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव में क्रिकेट के साथ बैडमिंटन प्रतियोगिताओं को भी शामिल करने का सुझाव दिया। साथ ही बच्चों और जनप्रतिनिधियों से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

सिंधिया ने विश्वास जताया कि कोलारस में विकसित होने वाला नया स्पोर्ट्स स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा और यहां की प्रतिभाएं भविष्य में शिवपुरी सहित पूरे ग्वालियर-चंबल अंचल का नाम रोशन करेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म