शिवपुरी। जिले के करैरा में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ईको कार से 25 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 225 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुगावली रोड की तरफ से सफेद रंग की ईको कार में अवैध शराब भरकर करैरा लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आनंद सागर रोड पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ईको कार क्रमांक UP 93 BF 4467 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से 25 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 32 वर्षीय सोनू विश्वकर्मा निवासी ग्राम जुझाई को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही अवैध शराब के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है।
Tags
Shivpuri