शिवपुरी। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन 2026 योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही और अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिला प्रशासन ने पटवारी के विरुद्ध कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने पटवारी मातादीन मित्तल की आगामी एक वार्षिक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से तत्काल रोकने के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार, जिले में स्वामित्व योजना का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर अर्पित वर्मा द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। योजना की प्रगति की समीक्षा जिला स्तर पर बैठकों और गूगल मीट के माध्यम से भी की जा रही है।
पटवारी मातादीन मित्तल, पटवारी हल्का भटनावर (मूल) एवं डांगवर्वे (अतिरिक्त) को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पोहरी द्वारा कार्य में प्रगति लाने और जवाब प्रस्तुत करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद पटवारी ने न तो नोटिस का जवाब प्रस्तुत किया और न ही स्वामित्व योजना के कार्य में अपेक्षित प्रगति दिखाई।
इसके बाद तहसीलदार पोहरी द्वारा भी कारण बताओ नोटिस एवं सूचना-पत्र जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। लगातार लापरवाही को देखते हुए कलेक्टर ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10 (4) के तहत कार्रवाई करते हुए पटवारी की एक वार्षिक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
Tags
Shivpuri