शिवपुरी में सुरक्षा जवानों की भर्ती के लिए कैंप आयोजित, 26 युवाओं का चयन - Shivpuri

अगले तीन दिनों में पिछोर, करेरा और शिवपुरी में लगेंगे भर्ती कैंप; 10वीं पास युवा कर सकते हैं आवेदन

शिवपुरी। भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद नई दिल्ली एवं भारत सरकार के पसारा एक्ट-2005 के अंतर्गत जिला रोजगार कार्यालय शिवपुरी के सहयोग से सिक्योरिटी स्किल काउंसलिंग इंडिया लिमिटेड जयपुर द्वारा सुरक्षा जवान एवं सुरक्षा सुपरवाइजर भर्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक जिले के पांच विकासखंडों में आयोजित भर्ती कैंपों में शारीरिक मापदंड के आधार पर 26 युवाओं का चयन किया जा चुका है। चयन प्रक्रिया भर्ती अधिकारी सुरेंद्र कुमार द्वारा संपन्न कराई गई।

जिला रोजगार अधिकारी बी.एस. मीना ने बताया कि भर्ती अभियान के तहत आगामी कैंप 4 नवंबर को जनपद पंचायत पिछोर, 5 नवंबर को आजीविका भवन करेरा तथा 6 नवंबर को जिला रोजगार कार्यालय शिवपुरी में आयोजित किए जाएंगे। सभी कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे।

उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं को जयपुर में एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उन्हें विभिन्न औद्योगिक एवं संस्थागत क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य के लिए नियुक्ति का अवसर मिलेगा। इनमें दिल्ली का लाल किला, इंदौर, उज्जैन, गुना, ग्वालियर, झांसी, आगर मालवा, राजगढ़, खजुराहो मंदिर, सांची स्तूप, भोपाल एम्स सहित एसबीआई और आईडीबीआई बैंक जैसे संस्थान शामिल हैं। पद एवं तैनाती के अनुसार 15 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिए जाने की जानकारी दी गई है।

भर्ती से संबंधित जानकारी के अनुसार चयनित कर्मचारियों को पीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी, मेडिकल सुविधा, वेतन वृद्धि, पदोन्नति और बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त दो बच्चों की पढ़ाई देहरादून स्थित आईपीएस स्कूल में कराने की सुविधा का भी उल्लेख किया गया है।

भर्ती के लिए पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज

भर्ती में शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास, आयु सीमा 19 से 40 वर्ष तथा न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को 10वीं की अंकसूची की फोटोकॉपी, आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। चयनित अभ्यर्थियों से 350 रुपये पंजीयन शुल्क क्यूआर कोड के माध्यम से जमा कराने की जानकारी दी गई है।

भर्ती संबंधी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9079850906 पर संपर्क किया जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म