पीएचसी लुकवासा के दो चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब - Shivpuri

डॉ. कमल धाकड़ और डॉ. संजय राठौर को जारी हुआ नोटिस, अस्पताल में चिकित्सकों की अनुपलब्धता और ड्यूटी में लापरवाही के आरोप

शिवपुरी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) लुकवासा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजय ऋषीश्वर ने दो चिकित्सा अधिकारियों डॉ. कमल धाकड़ और डॉ. संजय राठौर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए हैं। दोनों चिकित्सकों को तीन कार्य दिवस के भीतर उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लुकवासा में चिकित्सकों की पदस्थापना का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके बावजूद समाचार पत्र में प्रकाशित खबर और विभाग के संज्ञान में आए तथ्यों के अनुसार, केंद्र पर चिकित्सकों की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को उपचार के लिए अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में जाना पड़ रहा है।

वहीं, डॉ. संजय राठौर पर आरोप है कि वे अपनी मूल पदस्थापना पर कार्य करने के बजाय पूर्व में आवंटित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोलारस के भवन में निजी मरीजों का उपचार कर रहे हैं। विभाग के अनुसार, मूल पदस्थापना स्थल पर कार्यमुक्त किए जाने के बावजूद उनके द्वारा भवन खाली नहीं किया गया है।

विभाग ने इन परिस्थितियों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन से जुड़ा मामला माना है। इसी के चलते दोनों चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म