108 जननी एक्सप्रेस के वेंडर और चालक पर FIR के निर्देश, सीएचओ की सेवा समाप्ति का प्रस्ताव भेजा; कलेक्टर अर्पित वर्मा ने दिए कार्रवाई के निर्देश
शिवपुरी। जिले के ग्राम डेंडरी की 20 वर्षीय गर्भवती महिला ज्योति आदिवासी की मृत्यु के मामले में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर गठित जांच दल की रिपोर्ट में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में गंभीर कमियां सामने आने के बाद प्रभारी आशा सुपरवाइजर को निष्क्रिय घोषित कर दिया गया है। वहीं, 108 जननी एक्सप्रेस के वेंडर और चिन्हित वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संबंधित सीएचओ की सेवा समाप्ति का प्रस्ताव भी भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि ग्राम डेंडरी, उपस्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतनवाड़ा क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय गर्भवती ज्योति आदिवासी (पत्नी राजवीर आदिवासी) की मृत्यु के प्रकरण में जांच के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कई स्तरों पर लापरवाही सामने आई है।
जांच में पाया गया कि नौ माह की गर्भवती ज्योति का पंजीयन अनमोल पोर्टल पर नहीं किया गया था। उनके आधार कार्ड एवं समग्र आईडी बनवाने के लिए भी प्रयास नहीं किए गए। इसके साथ ही गर्भावस्था के दौरान आवश्यक देखभाल और नियमित मॉनिटरिंग नहीं की गई तथा उन्हें हाई रिस्क गर्भावस्था के रूप में भी चिन्हित नहीं किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रसव पीड़ा के दौरान 108 वाहन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सीएचओ, बीसीएम और सीबीएमओ को सूचना देने की प्रक्रिया के संबंध में गर्भवती महिला अथवा परिजनों को आवश्यक जानकारी नहीं दी गई थी।
इन पर हुई कार्रवाई
सेवाओं में कमी पाए जाने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के आदेशानुसार उपस्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर की प्रभारी आशा सुपरवाइजर शिमला पाल को निष्क्रिय घोषित किया गया है।
वहीं, सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर ने 108 जननी एक्सप्रेस के वेंडर भरत शर्मा एवं चिन्हित वाहन चालक के विरुद्ध संबंधित थाने में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतनवाड़ा डॉ. विनय पिप्पल को भी पत्र जारी किया गया है।
इसके अतिरिक्त मामले में संबंधित सीएचओ रियासत खान की सेवा समाप्ति का प्रस्ताव मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को भेजा गया है।
प्रसूता की मृत्यु के इस प्रकरण में जिला प्रशासन की कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही तय करने का स्पष्ट संदेश दिया गया है।
Tags
Shivpuri