त्योहारी सीजन में नाप-तौल विभाग की बड़ी कार्रवाई, 35 व्यापारिक संस्थानों पर प्रकरण दर्ज - Shivpuri


कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में चला विशेष जांच अभियान, 5 मिठाई विक्रेताओं द्वारा कम मात्रा में मिठाई बेचने का मामला आया सामने

शिवपुरी। दशहरा एवं दीपावली के त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं के साथ नाप-तौल में गड़बड़ी और कम वजन की शिकायतों को रोकने के लिए नाप-तौल विभाग ने जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में 193 व्यापारिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 35 संस्थानों के विरुद्ध विधिक मापविज्ञान अधिनियम 2009 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

नाप-तौल निरीक्षक आर.के. चतुर्वेदी ने बताया कि जांच के दौरान 28 व्यापारिक संस्थानों में नाप-तौल उपकरणों का निर्धारित समय पर सत्यापन नहीं कराया जाना पाया गया। वहीं, 2 संस्थानों के पास सत्यापन संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा 5 मिठाई विक्रेताओं द्वारा ग्राहकों को निर्धारित मात्रा से कम मिठाई बेचने के मामले सामने आए। इन सभी मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इन कारोबारियों पर हुई कार्रवाई

विभागीय जांच में किराना व्यवसाय से जुड़े 6, सर्राफा व्यवसाय के 7, मिठाई-नमकीन के 9, बर्तन व्यवसाय के 3, हार्डवेयर-पेंट्स के 6 तथा अन्य 4 व्यापारिक संस्थानों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

मिठाई के साथ डिब्बे का वजन जोड़ने पर होगी कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान नाप-तौल निरीक्षक आर.के. चतुर्वेदी ने सभी मिठाई विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्राहकों को मिठाई तौलते समय डिब्बे का वजन मिठाई के वजन में शामिल न करें। साथ ही प्रत्येक दुकान के सूचना पटल पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा कि मिठाई की तौल में डिब्बे का वजन शामिल नहीं किया जाता है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध विधिक मापविज्ञान अधिनियम 2009 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और व्यापारिक पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभाग का जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म