दिनारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी के घर से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी की जब्त
शिवपुरी/दिनारा। दिनारा थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना दिनारा के मर्ग क्रमांक 39/26 की जांच, साक्षियों के कथनों और मृतिका गुड़िया उर्फ रिचा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर उसके पति अभिषेक उर्फ कल्ला यादव (35 वर्ष), निवासी ग्राम चंदावरा के विरुद्ध दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में अपराध का प्रथम दृष्टया प्रमाण मिलने पर अपराध क्रमांक 289/26 दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
महिला संबंधी गंभीर अपराध को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा बिनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी के घर ग्राम चंदावरा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: संपूर्ण कार्रवाई में एसडीओपी बिनायक शुक्ला, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द्र छारी, सउनि बृजराज सिंह यादव, प्रधान आरक्षक जगदीश कुशवाह, हिमांशु चतुर्वेदी, घनश्याम सिंह परमार, शरद कुमार, आरक्षक संदीप चौहान, प्रदीप कौरव तथा सैनिक धर्मपाल एवं सुरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सहयोगी जनता – सक्रिय पुलिस – सुरक्षित समाज।
Tags
Shivpuri