मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर मानस भवन में जिला स्तरीय समारोह, मेधावी छात्रा को मिली एक लाख की छात्रवृत्ति - Shivpuri

मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने किया प्रतिभाओं का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को शिवपुरी के गांधी पार्क स्थित मानस भवन में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में जहां प्रदेश की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया, वहीं मेधावी छात्रा को एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली स्कूली छात्राओं को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1956 में मध्यप्रदेश के गठन के बाद से प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में औद्योगिक विकास को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। शिवपुरी जिले में भी बड़े उद्योगों की स्थापना की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से शिवपुरी में बड़े उद्योग की आधारशिला रखी गई है। कृषि विकास में हुई प्रगति भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही है।

समारोह के दौरान लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदियों) के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए मीसाबंदी महेश गौतम एवं हरिहर शर्मा का मंत्री नारायण सिंह कुशवाह सहित अतिथियों ने पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने इनका निरीक्षण किया। ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत बांकड़े बाबा स्वसहायता समूह की ओर से लगाए गए स्टॉल पर समूह की महिलाओं द्वारा तैयार सरसों एवं मूंगफली का कोल्ड प्रेस तेल, प्राकृतिक शहद सहित अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए। वहीं उद्योग विभाग की मसाला निर्माण इकाई तथा एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत बदरवास की बेटू गारमेंट्स जैकेट यूनिट के उत्पादों की जानकारी भी ली गई। अतिथियों ने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वसहायता समूहों के प्रयासों की सराहना की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, छात्राओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने मध्यप्रदेश की लोककला, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने 'मरो प्यारो मध्यप्रदेश' गीत पर प्रस्तुति दी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सदर बाजार की छात्राओं ने 'सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं झुकने दूंगा' तथा शासकीय उत्कृष्ट क्रमांक-01 विद्यालय की छात्राओं ने 'ऐसा देश नहीं अन्यत्र है' गीत पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

छात्राओं की प्रस्तुतियों से मानस भवन का माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया। उनकी प्रतिभा का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने तीनों विद्यालयों की प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।

पूनम साहू को एक लाख रुपये की मेधावी छात्रवृत्ति

समारोह में शिवपुरी जिले की खनियाधाना तहसील के ग्राम खिरकिट निवासी मेधावी छात्रा पूनम साहू को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2026 के लिए एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने छात्रा को प्रमाण पत्र सौंपकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह छात्रवृत्ति मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर संस्कृति विभाग एवं स्वराज संस्थान संचालनालय के अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा संचालित योजना के तहत प्रदान की गई है।

कृषि क्विज के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन कृषि क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी समारोह में सम्मानित किया गया। मंत्री ने विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कारों की सांकेतिक चाबियां प्रदान कीं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पिपलखेड़ा मायापुर, पिछोर निवासी उमेश कुमार लोधी को ट्रैक्टर, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले चक्रा, कोलारस निवासी दिनेश सिंह दांगी को बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पूठ बरवे, पोहरी निवासी अखिल धाकड़ को ई-स्कूटी प्रदान किए जाने के लिए सांकेतिक चाबी सौंपी गई।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवक भी सम्मानित

समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वामित्व योजना में बेहतर कार्य करने वाले पटवारियों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव, करैरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक और भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने मध्यप्रदेश के गठन से लेकर अब तक की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर अपने विचार रखे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, माखनलाल राठौर, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म