सुरक्षित बचपन अभियान के तहत उड़ान कार्यशाला आयोजित, छात्र-छात्राओं को दी कानूनी अधिकारों और सुरक्षा की जानकारी - Shivpuri

पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह, साइबर फ्रॉड और बाल अधिकारों पर विशेषज्ञों ने किया जागरूक; नालसा हेल्पलाइन 15100 की दी जानकारी

शिवपुरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार रविवार को एडीआर भवन शिवपुरी में सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय उड़ान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण, सामाजिक एवं शारीरिक सुरक्षा तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यशाला का शुभारंभ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक (अनूपपुर) से मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधिपति एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक रूसिया ने किया। कार्यक्रम का यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिसे एडीआर भवन शिवपुरी में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोर्ट रोड की छात्राओं ने देखा और सहभागिता की।

जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विशेष न्यायाधीश अशोक कुमार शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्राची शर्मा उपाध्याय, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी प्रत्यक्षा कुलेश, ट्रेनी जज नंदनी शर्मा, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सुगंधा शर्मा एवं विद्यालय के प्राचार्य उपस्थित रहे।

बच्चों को बताए सुरक्षा और कानूनी अधिकार

प्रधान जिला न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्यों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने सामाजिक एवं शारीरिक सुरक्षा के साथ यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही वैध ड्राइविंग लाइसेंस लेकर वाहन चलाएं तथा वाहन का बीमा भी अनिवार्य रूप से कराएं।

विशेष न्यायाधीश अशोक कुमार शर्मा ने सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्यों और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी प्रत्यक्षा कुलेश ने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों को उनके कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक किया।


साइबर ठगी और बाल विवाह के प्रति किया जागरूक

कार्यशाला में साइबर सेल शिवपुरी के जलज रावत ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी और ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सुगंधा शर्मा ने समिति के अधिकारों एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराया। विधि छात्रा मंजरी शर्मा ने बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

वहीं पीएलवी गोपाल राठौर ने नालसा की हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में पैरालीगल वॉलंटियर्स की भूमिका के बारे में बताया।

कार्यक्रम की तैयारियां विशेष न्यायाधीश अशोक कुमार शर्मा, जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्राची शर्मा उपाध्याय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में की गईं। इस अवसर पर विद्यालयों के शिक्षकगण, सपोर्ट पर्सन, छात्र-छात्राएं एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म