कुल्हाड़ी गांव के पास टक्कर में दोनों चालक घायल, ग्रामीणों ने पूरनखेड़ी टोल प्रबंधन पर उठाए सवाल; नई कंपनी के सामने सड़क सुधारने की चुनौती
कोलारस । शिवपुरी जिले के कोलारस के अंतर्गत आने वाले लुकवासा चौकी क्षेत्र के कुल्हाड़ी गांव के पास हाईवे पर सड़क के गड्ढे एक बार फिर हादसे की वजह बन गए। यहां दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के मीडियन पर चढ़ गया। गनीमत रही कि ट्रक पलटने से बच गया। हादसे में दोनों ट्रकों के चालकों को मामूली चोटें आईं, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण आगे चल रहे कंटेनर ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा दूसरा ट्रक कंटेनर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाला ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के मीडियन पर जा चढ़ा।
गड्ढों से हादसे, टोल वसूली पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। ग्रामीणों ने पूरनखेड़ी टोल प्लाजा के कर्मचारियों पर ओवरलोडिंग के नाम पर वाहन चालकों से कथित अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिनके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि टोल प्रबंधन वाहन चालकों से शुल्क वसूलने में तो आगे है, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति सुधारने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नई कंपनी के जिम्मे पूरनखेड़ी टोल, सड़क सुधार पर रहेगी नजर
बताया गया है कि 15 नवंबर की रात 12 बजे से पूरनखेड़ी टोल प्लाजा का संचालन रिद्धि-सिद्धि कंपनी को मिल गया है। इससे पहले इसका संचालन इरकॉन टॉलवे लिमिटेड द्वारा किया जा रहा था। अब नई कंपनी के सामने एनएचएआई की गाइडलाइन के अनुसार सड़क की स्थिति सुधारने और वाहन चालकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती है।
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर हाईवे के गड्ढों की मरम्मत कब होगी और वाहन चालकों को सुरक्षित सफर कब मिलेगा? नई कंपनी से अब लोगों को उम्मीद है कि टोल वसूली के साथ सड़क सुरक्षा और सुविधाओं पर भी गंभीरता से काम किया जाएगा।