दो दिन की तलाश के बाद पुलिस को मिली सफलता, 13 नवंबर को दर्ज हुआ था अपहरण का मामला
शिवपुरी। पोहरी थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को ग्राम अमरौदा निवासी नरेश जाटव (25) ने थाना पोहरी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका नाबालिग भतीजा रोजाना की तरह पिपरघार स्कूल पढ़ने गया था, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों को आशंका थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 336/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष धाकड़ ने पुलिस टीम गठित कर लगातार तलाश अभियान चलाया। पुलिस के प्रयासों के परिणामस्वरूप 15 नवंबर 2026 को नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष धाकड़, सहायक उपनिरीक्षक ओमनरेश जाटव, प्रधान आरक्षक 571 भगवानलाल एवं आरक्षक 307 चन्द्रभान रावत की विशेष भूमिका रही।
Tags
Shivpuri