खाली शराब की बोतलों और पेटियों के संग्रहण व निस्तारण की ली जानकारी, अवैध रीफिलिंग रोकने के लिए व्यवसायियों को दिए निर्देश
शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और क्रय-विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने शिवपुरी वृत्त के अंतर्गत संचालित कबाड़ दुकानों का निरीक्षण कर वहां शराब की खाली बोतलों और देशी मदिरा की खाली पेटियों के संग्रहण एवं निस्तारण की जानकारी ली।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी शुभम दागोंडे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कबाड़ व्यवसायियों से खाली कांच एवं प्लास्टिक की शराब बोतलों और खाली पेटियों की उपलब्धता, उनके स्रोत, संग्रहण की मात्रा तथा निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही इनके क्रय-विक्रय और भंडारण से जुड़े रिकॉर्ड भी देखे गए।
अवैध रीफिलिंग रोकने पर विशेष जोर
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाली शराब की बोतलों और पेटियों के अवैध पुनः उपयोग, उनमें शराब भरकर दोबारा बिक्री करने तथा अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है। अधिकारियों ने कबाड़ व्यवसायियों को निर्देश दिए कि वे खाली बोतलों और पेटियों के संग्रहण, क्रय-विक्रय एवं निस्तारण का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखें और विभागीय जांच के दौरान आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।
लगातार जारी रहेगी निगरानी
आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री पर नियंत्रण के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से कबाड़ दुकानों सहित अन्य संदिग्ध स्थानों पर निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Tags
Shivpuri