एल-1 स्तर के अधिकारी स्वयं करें शिकायतों की समीक्षा, लंबित मामलों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश
शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर वर्मा ने सोमवार को आयोजित अंतर्विभागीय समन्वय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाइन की विभागवार स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों में लंबित शिकायतों की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एल-1 स्तर के अधिकारी प्रत्येक शिकायत का स्वयं अवलोकन करें और शिकायत की प्रकृति एवं आवेदक की समस्या को गंभीरता से समझते हुए उसके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करें। केवल औपचारिक जवाब देकर शिकायतों का निराकरण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत बिना जवाब के लंबित नहीं रहनी चाहिए। शिकायत के निराकरण के दौरान संबंधित आवेदक से संवाद स्थापित कर उसकी समस्या का समाधान किया जाए, ताकि वह कार्रवाई से संतुष्ट हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि सीएम हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। शिकायतों का समय पर और संतोषजनक निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Shivpuri